28.1 C
Delhi
सोमवार, अक्टूबर 28, 2024
होमराज्यगुजरातमोरबी में पुल टूटने से 100 से ज्यादा लोगों की मौत

मोरबी में पुल टूटने से 100 से ज्यादा लोगों की मौत

गुजरात के मोरबी शहर में रविवार की शाम माच्छू नदी पर बना केबल पुल टूटने से कम से कम 80 व्यक्तियों की मौत हो गई। यह पुल करीब एक सदी पुराना था और मरम्मत के बाद हाल ही में इसे लोगों के लिए खोला गया था। हाल ही में मरम्मत के बाद जनता के लिए चार दिन पहले ही खोले गए इस पुल पर लोगों की काफी भीड़ थी। पुल शाम करीब साढ़े छह बजे टूट गया।
मोरबी सिविल अस्पताल के अधीक्षक डॉ प्रदीप दुधरजिया ने कहा, मोरबी केबल पुल टूटने से कम से कम 80 लोगों की मौत हो गई है। हमारे अस्पताल में अब तक कई शव लाये गए हैं। गुजरात के मंत्री बृजेश मेरजा ने पुष्टि की कि हादसे में करीब 80 लोगों की मौत हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि जब पुल टूटकर गिरा तब उस पर कई महिलाएं, बच्चे और अन्य लोग थे, जो नीचे पानी में गिर गए।
दीपावली की छुट्टी और रविवार होने के कारण प्रमुख पर्यटक आकर्षण पुल पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ी हुई थी।
एक निजी संचालक ने लगभग छह महीने तक पुल की मरम्मत का काम किया था। पुल को 26 अक्टूबर को गुजराती नववर्ष दिवस पर जनता के लिए फिर से खोला गया था।

घटना के बाद रेस्क्यू टीमें रवाना
गुजरात सीएमओ ने बताया कि भारतीय नौसेना के 50 कर्मियों के साथ एनडीआरएफ (NDRF) के 3 दस्तें, भारतीय वायुसेना के 30 जवानों के साथ बचाव और राहत अभियान के लिए सेना के 2 कॉलम और फायर ब्रिगेड की 7 टीमें राजकोट, जामनगर, दीव और सुरेंद्रनगर से उन्नत उपकरणों के साथ मोरबी के लिए रवाना हुई। एसडीआरएफ (SDRF) की 3 और राज्य रिजर्व पुलिस के 2 दस्तें भी बचाव और राहत कार्यों के लिए पहुंच रही हैं।


मुआवजे का किया एलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में जान गंवाने वालों में से प्रत्येक के परिजनों के लिए पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50 हजार रुपये अनुग्रह राशि की घोषणा की है। गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने भी राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को 4 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये देने का एलान किया है।

मामला दर्ज – गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने घटनास्थल का दौरा किया। इसके अलावा पुल प्रबंधन टीम पर आईपीसी की धारा 304, 308 और 114 के तहत मामला भी दर्ज कर लिया गया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रुशिकेश पटेल के अनुसार घायलों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है और कुछ को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। अभी भी खोज और बचाव अभियान जारी है।

अरविंद केजरीवाल ने जताया दुख
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया कि, “गुजरात से बेहद दुःखद खबर मिल रही है. मोरबी में ब्रिज टूट जाने से कई लोगों के नदी में गिर जाने की खबर है। भगवान से उनकी जान और स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूं।”
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि लोगों को नदी से निकालने के लिए नावों का इस्तेमाल किया जा रहा है। अधिकारी ने कहा, हम नावों की मदद से बचाव कार्य कर रहे हैं। नदी में करीब 40-50 लोग हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने एक ट्वीट में कहा कि वह त्रासदी से दुखी हैं। उन्होंने कहा, प्रशासन द्वारा राहत और बचाव अभियान जारी है। प्रशासन को घायलों के तत्काल इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। मैं इस संबंध में जिला प्रशासन के लगातार संपर्क में हूं।

शुरू हुआ सोशल मीडिया ट्रायल: घटना के विडिओ सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद और न्यूज चैनल में आने के बाद घटना का सोशल मीडिया ट्रायल शुरू हो गया। जिसमें तमाम राजनीतिक दलों से संबंधित लोग एक-दूसरे की पार्टी पर इस घटना का आरोप लगाते हुए नज़र आए।

सम्बंधित लेख

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

सर्वाधिक पढ़े गए

हाल ही की प्रतिक्रियाएँ

Pradeep on वक़्त